नए साल के पहले दिन देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लेह और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। इसका असर कुछ मैदानी इलाकों तक भी देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 1 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। पूर्वोत्तर राज्यों सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में कड़ाके की ठंड बनी हुई है। बीते दिन पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के भी संकेत हैं। बारिश होने की स्थिति में वायु प्रदूषण से कुछ हद तक राहत मिल सकती है, हालांकि फिलहाल दिल्ली का एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड, कोहरा और शीतलहर का असर जारी है। 1 जनवरी को कई जिलों में कोहरे के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इससे ठंड से खास राहत नहीं मिलेगी। घने कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
बिहार में भी शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में ठंड का प्रकोप जारी है और न्यूनतम तापमान में और गिरावट की आशंका है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में कोहरे और कोल्ड वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे नए साल की शुरुआत सर्द मौसम के बीच हो रही है।









