दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस और एनआईए समेत कई जांच एजेंसियां इस केस में जुटी हैं। जांच में पता चला है कि धमाके में सिर्फ i20 ही नहीं, बल्कि एक और कार लाल रंग की फोर्ड Eco Sports का भी इस्तेमाल हुआ था। यह कार नंबर DL10CK0458 दिल्ली के राजौरी गार्डन पते पर रजिस्टर्ड है। पुलिस को संदेह है कि इसे या तो धमाके की साजिश के दौरान या वारदात के बाद भागने के लिए उपयोग किया गया।
दिल्ली पुलिस ने इस कार की तलाश में राजधानी और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। यूपी और हरियाणा पुलिस को भी इसके बारे में जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि यह कार 22 नवंबर 2017 को खरीदी गई थी और संभवतः लंबे समय से एक आतंकी मॉड्यूल के उपयोग में थी। फिलहाल, दिल्ली पुलिस की पांच टीमें इस गाड़ी की खोज में लगी हैं।
इसी बीच, लखनऊ में डॉ. शाहीन शाहिद के भाई डॉ. परवेज अंसारी के घर से पुलिस ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़, लैपटॉप, मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इन डिवाइसों में ऐसे चैट रिकॉर्ड्स मिले हैं जिनसे पता चलता है कि डॉ. शाहीन, डॉ. परवेज और डॉ. मुज़म्मिल के बीच लगातार संपर्क था। जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। एजेंसियां मानती हैं कि लाल Eco Sports कार इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम सबूत साबित हो सकती है, जो पूरे आतंकी नेटवर्क को उजागर करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।









