भारतीय रेलवे यात्रियों को और अधिक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा अनुभव देने के लिए नए सुपर कोच तैयार कर रहा है। रेल मंत्रालय ने बताया कि इन कोचों को आधुनिक डिज़ाइन और उन्नत तकनीक के साथ विकसित किया जा रहा है। नए कोचों में सीटों को पहले से ज्यादा आरामदायक बनाया गया है। इसके साथ ही कोच के अंदर की लाइटिंग, वेंटिलेशन और सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर कोच में आधुनिक सुरक्षा फीचर्स लगाए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।
शौचालयों को भी पूरी तरह से अपग्रेड किया जा रहा है। इन्हें अधिक स्वच्छ, टिकाऊ और उपयोग में आसान बनाने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे पानी की बचत के साथ साफ-सफाई का बेहतर अनुभव मिलेगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्ण्व के अनुसार, मौजूदा कोचों को अपग्रेड कर तैयार किए गए सैंपल कोच का परीक्षण सफल रहा। इसमें फोल्डेबल स्नैक टेबल, खिड़कियों के परदे और आकर्षक इंटीरियर डिज़ाइन शामिल हैं। फर्श पर पीवीसी फ्लोरिंग और सीट-बर्थ पर नई रेक्सीन का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कोच का अनुभव प्रीमियम और आरामदायक बने।
कोच की सभी सामग्री HL-3 फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप है, जिससे आग या किसी अन्य आपात स्थिति का खतरा कम हो जाता है। इसके अलावा मॉड्यूलर डिज़ाइन को अपनाया गया है, जिससे मरम्मत और रखरखाव आसान होगा और लागत में बचत होगी। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में चरणबद्ध तरीके से इन नए कोचों को लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य देशभर में रेल यात्रा को पहले से ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक बनाना है।









