Technology

नया Aadhaar App: फुल वर्जन लॉन्च के साथ बदल जाएगा आधार इस्तेमाल करने का तरीका

UIDAI बहुत जल्द New Aadhaar App का फुल वर्जन लॉन्च करने जा रहा है, जो आधार से जुड़ी सेवाओं को पहले से कहीं ज्यादा आसान और डिजिटल बना देगा. आधार ऑफिशियल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, यह फुल वर्जन 28 जनवरी को लॉन्च किया जाएगा. नए ऐप के आने के बाद लोगों को फिजिकल आधार कार्ड साथ रखने की जरूरत काफी हद तक कम हो सकती है, क्योंकि अधिकतर काम मोबाइल ऐप से ही पूरे किए जा सकेंगे.

बताया जा रहा है कि इस नए Aadhaar App में यूजर्स को कई जरूरी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी. इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी जैसी जानकारी को सीधे ऐप के जरिए अपडेट करने का विकल्प दिया जा सकता है. इससे आधार अपडेट कराने के लिए बार-बार केंद्र जाने की जरूरत कम होगी और लोग घर बैठे ही अपनी जानकारी सही कर सकेंगे. ऐप को खासतौर पर यूजर-फ्रेंडली डिजाइन किया गया है ताकि पहली बार इस्तेमाल करने वालों को भी कोई दिक्कत न हो. एंड्रॉयड यूजर्स इसे गूगल प्ले स्टोर से और iPhone यूजर्स ऐप स्टोर से डाउनलोड कर पाएंगे.

इंस्टाग्राम पोस्ट में यह भी इशारा किया गया है कि नया ऐप डिजिटल पहचान को और मजबूत बनाएगा. अगर आप कहीं बाहर हैं और फिजिकल आईडी साथ नहीं है, तो भी होटल या अन्य जगहों पर चेक-इन जैसी प्रक्रियाएं इस ऐप के जरिए आसानी से हो सकेंगी. इसके अलावा, नए ऐप में QR कोड वेरिफिकेशन सिस्टम जोड़े जाने की संभावना है, जिससे किसी भी व्यक्ति के आधार की तुरंत जांच की जा सकेगी. यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो किराएदार रखते हैं या घर में काम करने वाले सहायक की पहचान सत्यापित करना चाहते हैं. कुल मिलाकर, नया Aadhaar App डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है.