NEET-PG 2026 में शामिल मेडिकल उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET-PG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी अपना रिजल्ट NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। NEET-PG 2026 परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त को किया गया था। इस परीक्षा के माध्यम से 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए विभिन्न पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में दाखिला दिया जाना है। 30 अगस्त को आयोजित परीक्षा में कुल 2,63,544 उम्मीदवार शामिल हुए थे। वहीं, जयपुर में 5 सितंबर को आयोजित री-पेपर में 2,416 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।
NEET-PG 2026 की कटऑफ
अलग-अलग कैटेगरी के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग पर्सेंटाइल और कटऑफ अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य और EWS वर्ग के लिए न्यूनतम 50वां पर्सेंटाइल और 262 अंक, जबकि सामान्य दिव्यांग वर्ग के लिए 45वां पर्सेंटाइल और 244 अंक निर्धारित हैं। SC, ST और OBC वर्ग, जिसमें दिव्यांग उम्मीदवार भी शामिल हैं, के लिए न्यूनतम 40वां पर्सेंटाइल और 226 अंक है।
रिजल्ट में क्या मिलेगा?
NEET-PG परिणाम में उम्मीदवारों के प्राप्त अंक और उनकी रैंक की जानकारी दी गई है। अभ्यर्थी रिजल्ट डाउनलोड करने के बाद अपने स्कोर और रैंक की जांच कर सकते हैं। आगे की एडमिशन प्रक्रिया में जरूरत पड़ने के कारण रिजल्ट की कॉपी सुरक्षित रखना जरूरी है।
रिजल्ट के बाद क्या होगा?
परिणाम जारी होने के बाद काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। राज्य कोटे की सीटों के लिए संबंधित राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी पात्रता, नियमों और आरक्षण नीति के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार करेंगे। वहीं, AIQ सीटों का आवंटन NEET-PG रैंक के आधार पर काउंसलिंग के जरिए किया जाएगा। NEET-PG स्कोर के आधार पर MD, MS, PG Diploma, DNB और DrNB जैसे पोस्टग्रेजुएट मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है।


