Delhi

दिल्ली में आज मेस्सी का आखिरी शो, कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी और एंट्री नियम लागू

फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी के भारत दौरे का आज अंतिम दिन है और राजधानी दिल्ली में उनके कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 15 दिसंबर को मेस्सी दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में प्रशंसकों से संवाद करेंगे। इससे पहले वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और बाद में देश के कुछ प्रमुख संवैधानिक पदों पर आसीन हस्तियों से भी मिलने का कार्यक्रम तय है। स्टेडियम में उनका सार्वजनिक कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक चलेगा।

इस बड़े आयोजन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड और बहादुरशाह ज़फर मार्ग पर यातायात धीमा रह सकता है और कई हिस्सों में डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों की एंट्री कुछ मार्गों पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे इन इलाकों से गुजरने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

स्टेडियम में आने वाले दर्शकों के लिए एंट्री गेट तय किए गए हैं और पार्किंग की व्यवस्था सीमित रखी गई है। आसपास की कुछ सड़कों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और गलत तरीके से खड़े वाहनों को टो किया जाएगा। फैंस के लिए कुछ चिन्हित स्थानों पर मुफ्त पार्किंग की सुविधा दी गई है, जबकि ऐप आधारित टैक्सी के लिए अलग पिक-ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की सलाह दी है।

कार्यक्रम में प्रवेश के लिए सख्त नियम लागू होंगे। दो साल या उससे अधिक उम्र के सभी बच्चों के पास वैध टिकट होना जरूरी है। डिजिटल टिकट मोबाइल फोन में रखना अनिवार्य है और एंट्री के समय सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा। QR कोड से छेड़छाड़ या अनुचित व्यवहार करने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। स्टेडियम के अंदर बैग, बाहर का खाना, ड्रिंक्स, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों और ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों से समय से पहले पहुंचने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।