दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) और उससे जुड़े लोक नायक अस्पताल में मेडिकल जेनेटिक्स विभाग शुरू करने की मंजूरी दी है। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने दी। यह नया विभाग जीवन के हर चरण – गर्भावस्था, नवजात, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों – में होने वाली जेनेटिक बीमारियों के इलाज पर काम करेगा। खासकर बच्चों और दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इससे बड़ा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल जेनेटिक्स आधुनिक चिकित्सा का तेजी से उभरता क्षेत्र है। इसके जरिए बीमारियों की जल्दी पहचान, जोखिम का आकलन और उन्नत इलाज जैसे जीन थेरेपी, विशेष दवाएं और गर्भ में ही इलाज जैसी तकनीकें अब दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होंगी। विभाग का संचालन फिटल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, जनरल मेडिसिन और ऑन्कोलॉजी के साथ समन्वय करके किया जाएगा, जिससे कैंसर जेनेटिक्स में भी नई संभावनाएं खुलेंगी।
एमएएमसी और लोक नायक अस्पताल में डीएम (मेडिकल जेनेटिक्स) की दो सुपर-स्पेशलिटी सीटों को भी मंजूरी मिली है, जिससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार होगी और जटिल व दुर्लभ बीमारियों के इलाज की सुविधा बढ़ेगी। उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया।









