जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने गुरुवार, 3 सितंबर को एक संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया। BSF के अनुसार, 44वीं बटालियन के जवानों ने कनाचक सेक्टर में बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) सोहन के पास कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
BSF प्रवक्ता के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पाकिस्तान के सियालकोट जिले के लूनी गांव निवासी मोहम्मद नजीर के बेटे नजीर सधीर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे BSF की हिरासत में रखा गया है और उससे पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वह भारतीय सीमा में किस परिस्थिति में दाखिल हुआ और उसके सीमा पार करने के पीछे क्या उद्देश्य था।
घटना की जानकारी मिलते ही BSF के उप महानिरीक्षक (DIG) भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मामले की जांच के दौरान अन्य सुरक्षा पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा BSF के जिम्मे है। बल घुसपैठ के साथ-साथ सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली हथियार, गोला-बारूद और मादक पदार्थों की तस्करी पर भी नजर रखता है। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रोन खतरे से निपटने के लिए सीमा पर आधुनिक एंटी-ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।


