भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े निर्देशकों में गिने जाने वाले एस.एस. राजामौली की अगली फिल्म को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ जैसी ब्लॉकबस्टर देने के बाद राजामौली जिस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, उसका अस्थायी नाम ‘वाराणसी’ बताया जा रहा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में अचानक लगे कुछ पोस्टरों ने फिल्म की संभावित रिलीज डेट को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे होर्डिंग्स पर सिर्फ एक तारीख लिखी दिख रही है—7 अप्रैल 2027। इन पोस्टरों में फिल्म का नाम या स्टारकास्ट सीधे तौर पर नहीं लिखी गई, लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के बाद माना जा रहा है कि यह राजामौली की अपकमिंग फिल्म की ओर इशारा कर रहे हैं। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी इन होर्डिंग्स की तस्वीर साझा करते हुए संकेत दिया है कि मेकर्स इसी दिन ग्लोबल रिलीज की योजना बना सकते हैं।
फिल्म को लेकर पहले ही काफी बज बना हुआ है। खबरों के मुताबिक इसमें साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि फीमेल लीड के तौर पर प्रियंका चोपड़ा के नाम की चर्चा है। अगर यह कास्ट फाइनल होती है, तो यह प्रोजेक्ट साउथ, बॉलीवुड और इंटरनेशनल अपील का जबरदस्त संगम साबित हो सकता है।
7 अप्रैल 2027 की तारीख को लेकर एक और वजह भी बताई जा रही है। इस समय के आसपास उगादी और गुड़ी पड़वा जैसे बड़े त्योहार पड़ते हैं, वहीं अप्रैल के मध्य में अंबेडकर जयंती और राम नवमी भी होती है। ऐसे में फिल्म को लंबा फेस्टिव रन मिलने की पूरी संभावना है। हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बनारस में लगे पोस्टरों ने फैंस की उम्मीदों को जरूर नई उड़ान दे दी है।









