विदेश मंत्रालय ने कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 की घोषणा कर दी है। यह पवित्र यात्रा जून से अगस्त के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें इस बार कुल 20 बैचों में लगभग 1000 श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे। हर बैच में 50 यात्रियों को जगह दी जाएगी, जिनमें से 10 बैच लिपुलेख पास और 10 बैच नाथू ला पास मार्ग से यात्रा करेंगे। इस वर्ष आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक यात्री 19 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट kmy.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित रैंडम और जेंडर-बैलेंस्ड सिस्टम के जरिए होगी, जिसकी जानकारी चयनित यात्रियों को ईमेल और SMS के माध्यम से दी जाएगी।
यह यात्रा भारत सरकार द्वारा चीन के सहयोग से आयोजित की जाती है। इसमें भाग लेने के लिए वैध पासपोर्ट, निर्धारित आयु सीमा और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-23088214 भी जारी किया गया है। कैलाश मानसरोवर यात्रा हिंदू धर्म की सबसे पवित्र तीर्थ यात्राओं में से एक मानी जाती है। कैलाश पर्वत को भगवान शिव का निवास स्थान माना जाता है, जबकि मानसरोवर झील में स्नान को मोक्षदायक बताया गया है। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बेहद चुनौतीपूर्ण भी मानी जाती है।









