World

ईरान में प्रदर्शनकारी अली रहबर को दी गई फांसी!, 10 दिन पहले हुई थी गिरफ्तारी

ईरान से सामने आई एक गंभीर खबर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। मानवाधिकार सूत्रों और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अली रहबर नामक युवक को ईरान में फांसी दिए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अली रहबर को महज 10 दिन पहले मशहद में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिया गया था। हालांकि, इस फांसी को लेकर ईरानी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, 33 वर्षीय अली रहबर पेशे से फिटनेस ट्रेनर थे। उनकी गिरफ्तारी ईरान में चल रहे जन आंदोलनों के दौरान हुई थी। मानवाधिकार समूहों का कहना है कि यह घटना ईरान में प्रदर्शनकारियों के साथ सख्त कार्रवाई की ओर इशारा करती है। सोशल मीडिया पर भी इस फांसी को लेकर दावे किए जा रहे हैं, लेकिन स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।

इससे पहले भी इरफान सुल्तानी नामक युवक को फांसी दिए जाने की घोषणा हुई थी, जिसे अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद रोका गया था। ईरान में दिसंबर से सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

इसी बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की खबरें भी हैं। अमेरिका ने कड़ी चेतावनी दी है, जबकि ईरानी नेतृत्व ने किसी भी बाहरी हस्तक्षेप से इनकार किया है। क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ने से हालात और संवेदनशील होते नजर आ रहे हैं।