टीम इंडिया ने अहमदाबाद में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 30 रनों से मात देकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 201 रन ही बना सकी। तेज शुरुआत के बावजूद अफ्रीकी बल्लेबाजी दबाव में बिखरती नजर आई।
साउथ अफ्रीका की ओर से क्विंटन डी कॉक ने शानदार अर्धशतक जड़ा और 35 गेंदों में 66 रन बनाए। हालांकि, उनके ओपनिंग जोड़ीदार रीजा हेंड्रिक्स केवल 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने 31 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का योगदान सीमित रहा। कप्तान एडन मार्कराम 6 रन पर आउट हुए, जबकि डोनोवन फरेरा खाता भी नहीं खोल सके। डेविड मिलर और मार्को यानसेन भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
भारतीय गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह को 2 सफलता मिली, जबकि अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 231 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 73 और हार्दिक पांड्या ने 63 रनों की आक्रामक पारी खेली। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भी उपयोगी योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।









