भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के बीच बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में कई अहम मिसाइल परीक्षण किए जाने की तैयारी है जिसके लिए आधिकारिक NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) जारी किया गया है। नोटिस के अनुसार, 25 और 26 दिसंबर 2025 को विशाखापत्तनम स्थित ईस्टर्न नेवल कमांड से जुड़े क्षेत्र में नौसैनिक मिसाइल परीक्षण किया जा सकता है। यह परीक्षण नौसेना के युद्धपोत या पनडुब्बी से किया जाएगा, जिसकी अधिकतम रेंज लगभग 680 किलोमीटर तय की गई है। इस दौरान संबंधित समुद्री और हवाई क्षेत्र को नो-फ्लाई ज़ोन घोषित किया गया है।
इसके अलावा ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से भी संभावित मिसाइल परीक्षण की तैयारी की जा रही है। इस परीक्षण को लेकर 29 दिसंबर 2025 से 3 जनवरी 2026 के बीच का NOTAM जारी किया गया है। मिसाइल की अनुमानित रेंज 180 से 400 किलोमीटर के बीच बताई जा रही है और इसे बंगाल की खाड़ी की दिशा में दागे जाने की संभावना है। इन परीक्षणों के जरिए भारत अपनी नौसैनिक और रणनीतिक क्षमताओं को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन को भी सुदृढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।









