National

बदलते दौर में भारतीय डाक का कमाल, राजस्व 15,296 करोड़ पार

डिजिटल युग में जहां संदेश भेजने के लिए WhatsApp और Telegram जैसे प्लेटफॉर्म्स का तेजी से उपयोग बढ़ा है, वहीं India Post ने खुद को समय के साथ ढालते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संचार मंत्री Jyotiraditya Scindia के अनुसार, भारतीय डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 में 15,296 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष 2024-25 के 13,218 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 16 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने इसे विभाग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

इस सफलता के पीछे डाक विभाग की कार्यशैली में आए बड़े बदलाव को प्रमुख कारण माना जा रहा है। विभाग ने सेवाओं के विस्तार, नए ग्राहकों को जोड़ने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया है। साथ ही, सिक्स सिग्मा स्तर के सेवा मानकों को लागू कर सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को भी बेहतर बनाया गया है। मंत्री ने बताया कि विभाग ने इस दौरान तीन नए उत्पाद भी लॉन्च किए हैं और आने वाले वित्त वर्ष में भी इसी रफ्तार को बनाए रखने का लक्ष्य रखा गया है। लंबे समय बाद 15 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर हासिल करना डाक विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।