कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कोलंबिया में एक कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार और लोकतंत्र की स्थिति पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और अलग-अलग विचारों को दबाया जा रहा है. राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र का मतलब है विविधता को सम्मान देना, लेकिन भारत में यह कमजोर होता जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या भारत और चीन अगले 50 वर्षों में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं? इस पर राहुल ने कहा, “चीन के बारे में तो नहीं कह सकता, लेकिन मुझे नहीं लगता कि भारत खुद को वैश्विक नेता मानता है.”
राहुल गांधी ने भारत सरकार पर लगातार तीखे हमले जारी रखे हैं. उन्होंने बिहार में चल रही SIR प्रक्रिया, वोटर डेटा से छेड़छाड़ और लद्दाख के हालात को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की. उन्होंने लद्दाख में प्रदर्शन के दौरान मारे गए 4 नागरिकों की पुलिस फायरिंग में मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि मरने वालों में एक कारगिल युद्ध के सैनिक का बेटा भी शामिल है, जो देश के लिए बेहद दुखद और शर्मनाक है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार लद्दाख के लोगों से वादाखिलाफी कर रही है और उनकी आवाज़ को दबा रही है. कांग्रेस ने इस मुद्दे पर न्याय की मांग की है.









