National World

नीस में ‘भारत इनोवेट्स’ का शुभारंभ, मोदी–मैक्रों ने नवाचार और साझेदारी पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांस के नीस में संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप्स, नवाचार संस्थानों और वेंचर कैपिटल फंड्स ने भाग लिया, जिससे वैश्विक नवाचार सहयोग को नई दिशा मिली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशों के बीच सामान्यतः व्यापारिक और रणनीतिक साझेदारियां होती हैं, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो साझा दृष्टिकोण और साझा मूल्यों पर आधारित होते हैं। भारत और फ्रांस का संबंध भी इसी प्रकार का है, जो आपसी विश्वास, नवाचार और साझा विकास की सोच पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने वर्षों से मिलकर कई नई पहल शुरू की हैं और वैश्विक चुनौतियों के समाधान की दिशा में सहयोग किया है। ‘भारत इनोवेट्स’ इस साझेदारी को और मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है, जो भारत के युवा प्रतिभाओं को वैश्विक विशेषज्ञों और निवेशकों से जोड़ने का काम करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इमैनुएल मैक्रों ने पहले भी भारत यात्रा के दौरान यह बात कही थी कि इस सदी की चुनौतियों से निपटने के लिए भारत और फ्रांस को मिलकर आगे बढ़ना होगा। यह कार्यक्रम उसी सोच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने आगे कहा कि आज भारत में स्टार्टअप क्रांति चल रही है, जिसमें देश का युवा नए दृष्टिकोण के साथ वैश्विक समस्याओं के समाधान तलाश रहा है। ‘भारत इनोवेट्स’ इस नवाचार यात्रा को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करता है, जिससे भारतीय स्टार्टअप्स और युवाओं को वैश्विक पहचान और सहयोग के नए अवसर मिलेंगे। यह पहल भारत और फ्रांस के बीच तकनीक, नवाचार और निवेश के क्षेत्र में साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।