देश के कैब सर्विस सेक्टर में एक नई शुरुआत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में देश की पहली सहकारी (कोऑपरेटिव) टैक्सी सर्विस एप्लिकेशन ‘भारत टैक्सी’ का आधिकारिक लॉन्च किया। सरकार का दावा है कि यह ऐप ओला-उबर जैसे निजी प्लेटफॉर्म्स को सीधी टक्कर देगा और ड्राइवरों को उनकी कमाई का पूरा हिस्सा दिलाएगा। अमित शाह ने पहले ही घोषणा की थी कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए कमाई सीधे ड्राइवरों के खाते में जाएगी और किसी भी तरह का बिचौलिया या कंपनी कमीशन नहीं लेगी।
‘भारत टैक्सी’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां ड्राइवरों को ‘सारथी’ कहा जाएगा और वही अपनी गाड़ी के मालिक होंगे। यात्रियों द्वारा दिया गया पूरा किराया सीधे सारथी को मिलेगा, जिससे निजी कंपनियों की तरह मोटा कमीशन काटने की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। इससे ड्राइवरों की आय बढ़ेगी और उनके साथ होने वाले आर्थिक विवादों में भी कमी आएगी। इस ऐप में सर्ज प्राइसिंग से भी राहत मिलेगी। निजी कैब कंपनियां जहां पीक ऑवर्स या खराब मौसम में किराया बढ़ा देती हैं, वहीं भारत टैक्सी में स्थिर और पारदर्शी किराया लागू किया गया है, जिससे यात्रियों को मनमाना भुगतान नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, प्लेटफॉर्म पर कैब, बाइक और ऑटो तीनों तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से राइड बुक कर सकेंगे।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐप में पुलिस वेरिफाइड चालक, SOS इमरजेंसी बटन, लाइव लोकेशन शेयरिंग, ट्रिप हिस्ट्री और हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। ‘भारत टैक्सी – Ride Booking App’ को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। मोबाइल नंबर और OTP वेरिफिकेशन के बाद यूजर्स सेवा का लाभ उठा सकते हैं। फिलहाल इस प्लेटफॉर्म से 3 लाख से ज्यादा ड्राइवर जुड़ चुके हैं और सॉफ्ट लॉन्चिंग के दौरान प्रतिदिन करीब 10 हजार राइड्स पूरी की जा रही हैं। सरकार को उम्मीद है कि आने वाले समय में ‘भारत टैक्सी’ देशभर में सस्ती, पारदर्शी और ड्राइवर हितैषी कैब सेवा के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाएगी।









