Himachal

पहलगाम हमलें के विरोध में हिमाचल के बाजार बंद, व्यापारियों ने जताया रोष

जम्मू -कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में वीरवार को हिमाचल के बाजार बंद रहे। हिमाचल प्रदेश व्यपार मंडल ने आज बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। प्रदेशभर में जहां सुबह से लेकर 11:00 बजे तक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है, वहीं राजधानी शिमला के कारोबारियों ने दोपहर बाद 1:00 बजे तक बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के राज्य अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने आतंकी हमले की निंदा की है।

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रदेशभर के साथ शिमला के विकासनगर व्यापार मंडल ने भी सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1 बजे तक बाजार बंद का आह्वान किया है. दुकानें बंद करके व्यापारी आतंकी हमले के खिलाफ रोष और एकजुटता का परिचय दे रहे हैं. विकास नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपाल सिंह तोमर ने बताया कि प्रदेश के सभी व्यापारी सुबह 11 से 1:00 बजे तक दुकानें बंद रखेंगे। उन्होंने कहा, आतंकी घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कोई दोबारा ऐसा करने की हिम्मत न जुटा पाए.