हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) 15 अप्रैल से पुलिस कांस्टेबल सहित 12 अलग-अलग श्रेणियों के पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षण (Physical Measurement Test – PMT) शुरू करने जा रहा है। यह प्रक्रिया पुलिस, वन विभाग और जेल विभाग में होने वाली भर्तियों के लिए लागू होगी। आयोग के अनुसार, पुलिस कांस्टेबल के कुल 5,500 पदों के लिए भर्ती की जाएगी, जिनमें 400 पद रेलवे पुलिस के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा खेल कोटे के तहत पुरुष और महिला वार्डर, पुलिस में सब-इंस्पेक्टर, और वन विभाग में खेल कोटे के तहत डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड के पदों के लिए भी पीएमटी आयोजित किया जाएगा।
HSSC के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए 15 अप्रैल को संभावित पीएमटी की तारीख का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से जल्द ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग पीएमटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का विवरण और प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए जल्द ही अधिकारिक लिंक भी जारी करेगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के लिए निर्धारित समय और स्थान की पूरी जानकारी वेबसाइट से अवश्य ले लें। यह पीएमटी उन उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण चरण है जो हरियाणा में पुलिस, वन और जेल विभाग में स्थायी नौकरी की उम्मीद कर रहे हैं।









