Haryana

हरियाणा का 23वां जिला बना हांसी, सरकार ने जारी की अधिसूचना

हरियाणा में अब 23 जिले हो गए हैं। राज्य सरकार ने हांसी को आधिकारिक तौर पर नया जिला घोषित कर दिया है। इसके लिए सोमवार को अधिसूचना जारी की गई। हांसी जिला हिसार से अलग किया गया है। नए हांसी जिले में दो उपमंडल, तीन तहसीलें—हांसी, नारनौंद और बास—और एक उप तहसील खेड़ी जालब शामिल हैं।  प्रस्तावित हांसी जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्र लगभग 1,34,976 हेक्टेयर है और अनुमानित जनसंख्या करीब 5,40,994 होगी।

हिसार के उपायुक्त ने इस जिले के गठन का प्रस्ताव हिसार मंडल आयुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा था। इस कदम से स्थानीय प्रशासन को अधिक दक्ष और लोगों तक सेवाओं की पहुंच को तेज बनाने में मदद मिलेगी। हांसी जिले का गठन हिसार जिले के बड़े क्षेत्रीय विस्तार को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं में सुधार होगा।