Gujrat

गुजरात के धवित मेहता का कमाल: Microsoft की नौकरी छोड़ IIM बैंगलोर में जीता गोल्ड मेडल

गुजरात के आनंद के रहने वाले 27 वर्षीय धवित मेहता ने मेहनत, लगन और सही फैसलों के दम पर एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी लिखी है। कोडिंग की दुनिया से करियर की शुरुआत करने वाले धवित आज IIM बैंगलोर में अकादमिक उत्कृष्टता के लिए गोल्ड मेडल जीतकर ‘वॉल ऑफ फेम’ में अपनी जगह बना चुके हैं। धवित ने अपनी स्कूली शिक्षा आनंदलया स्कूल से पूरी की और इसके बाद IIIT इलाहाबाद से कंप्यूटर साइंस में डुअल डिग्री (BTech और MTech) हासिल की। कम उम्र से ही टेक्नोलॉजी में रुचि रखने वाले धवित ने अपने करियर की शुरुआत कोविड काल में एक अमेरिकी क्लाउड कंपनी से की और बाद में Microsoft में काम किया।

जुलाई 2022 में वे नॉर्वे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करने लगे, जहां उन्होंने तेजी से तरक्की हासिल की और प्रमोशन भी पाया। इसके साथ ही उन्होंने बिना किसी कोचिंग के CFA के लेवल I और II भी पास किए, जो उनकी मेहनत और अनुशासन का उदाहरण है। उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ 2024 में आया, जब उन्होंने Microsoft की स्थिर नौकरी छोड़कर भारत लौटने और MBA करने का फैसला किया। CAT परीक्षा में 98.5 परसेंटाइल स्कोर करने के बाद, दूसरी कोशिश में उन्हें IIM बैंगलोर में दाखिला मिला। धवित मेहता की यह उपलब्धि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह साबित करती है कि सही दिशा और मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।