गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा को गोवा पुलिस ने कस्टडी में ले लिया है। सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्हें थाईलैंड से डिपोर्ट किए जाने के बाद भारत लाया गया और आज ही दिल्ली पहुंचाया गया है।
6 दिसंबर को नॉर्थ गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में आग लगने से पांच पर्यटकों सहित कुल 25 लोगों की जान चली गई थी। जांच में सामने आया है कि आग लगने के महज 90 मिनट के भीतर ही लूथरा भाइयों ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट बुक कर ली थी। पुलिस के मुताबिक, 7 दिसंबर की सुबह 1:17 बजे टिकट बुक की गई थी।
भारतीय अधिकारियों के अनुरोध पर थाईलैंड की पुलिस ने फुकेट के एक रिसॉर्ट से दोनों भाइयों को हिरासत में लिया। भारत और थाईलैंड के बीच 2015 से लागू प्रत्यर्पण संधि के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें भारत सौंपा गया। एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने बिना फायर सेफ्टी इंतजाम और आपातकालीन निकास के फायर शो का आयोजन किया, जिससे यह भयावह हादसा हुआ और 25 निर्दोष लोगों की मौत हो गई।









