National

गिग वर्कर्स की हड़ताल का असर, 10 मिनट डिलीवरी नियम हटाया गया

देशभर में गिग वर्कर्स की हड़ताल का बड़ा असर देखने को मिला है। डिलीवरी पार्टनर्स की सुरक्षा को लेकर सरकार ने अहम कदम उठाते हुए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से 10 मिनट में डिलीवरी का नियम हटवा दिया है। श्रम मंत्री मनसुख मांडविया के हस्तक्षेप के बाद क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट ने अपने सभी ब्रांड्स से 10 मिनट डिलीवरी का दावा वापस ले लिया है।

इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय श्रम मंत्री ने ब्लिंकिट, जेप्टो, स्विगी और जोमैटो जैसी प्रमुख कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में तेज डिलीवरी के दबाव से डिलीवरी बॉय की जान को होने वाले खतरे पर चिंता जताई गई और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। सरकार ने स्पष्ट किया कि समय सीमा के कारण किसी भी तरह का जोखिम स्वीकार्य नहीं है। सरकार के दखल के बाद कंपनियों ने डिलीवरी समय को लेकर अपने प्रचार और वादों में बदलाव करने पर सहमति जताई है। माना जा रहा है कि यह फैसला गिग वर्कर्स के अधिकारों और सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम है।