फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक तीन दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यह दौरा हो रहा है। इस दौरान मैक्रों भारत-AI इम्पेक्ट समिट 2026 में भी भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दौरे के दौरान दोनों नेता हॉरिजोन 2047 रोडमैप में बताए गए क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने और इंडो-पैसिफिक समेत क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
दोनों नेता भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का उद्घाटन मुंबई में करेंगे, जो पूरे 2026 में मनाया जाएगा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक चलने वाले इस समिट में दुनिया भर के नेता, नीति निर्माता और एक्सपर्ट शामिल होंगे। समिट का मकसद AI के जरिए विकास, गवर्नेंस और पब्लिक सर्विस डिलीवरी को मजबूत करना है और इसे 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण के साथ जोड़ा जाएगा।









