National

स्वास्थ्य बिगड़ने पर एम्स में भर्ती किए गए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सोमवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, पिछले सप्ताह दो बार अचानक बेहोश होने की घटनाओं के बाद उन्हें विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल में रखा गया है। डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं और एमआरआई सहित जरूरी परीक्षण किए जा रहे हैं।

बताया गया है कि 10 जनवरी को वॉशरूम जाने के दौरान उन्हें दो बार चक्कर आकर बेहोशी हुई थी। सोमवार को वे नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स पहुंचे थे, लेकिन प्रारंभिक परीक्षणों के बाद चिकित्सकों ने एहतियात के तौर पर भर्ती करने की सलाह दी।

सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब उन्हें ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ा हो। उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए भी वे कच्छ, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कई बार अचानक अस्वस्थ होकर गिर पड़े थे।

गौरतलब है कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके कुछ समय बाद उन्होंने आधिकारिक आवास छोड़ दिया और दक्षिण दिल्ली के छतरपुर क्षेत्र में स्थित निजी फार्महाउस में रहने लगे। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।