पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री Charanjit Singh Channi की परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। आय से अधिक संपत्ति मामले के बाद अब गोवा में पंजाब सरकार की जमीन को कम दर पर लीज पर देने के मामले में विजिलेंस जांच तेज हो गई है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने इस केस में आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार से अनुमति मांगी है और जल्द ही एफआईआर दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है।
आरोप है कि चन्नी के मुख्यमंत्री रहते हुए गोवा में स्थित करीब आठ एकड़ सरकारी जमीन एक निजी फाइव स्टार होटल चेन को बेहद कम किराये पर लीज पर दी गई। बताया जा रहा है कि यह जमीन समुद्र किनारे प्राइम लोकेशन पर है, जिसे मात्र एक लाख रुपये प्रति माह पर दिया गया, जो बाजार दर से काफी कम माना जा रहा है।
इस मामले में मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने पहले ही संबंधित विभागों को रिकॉर्ड विजिलेंस को सौंपने और जांच तेज करने के निर्देश दिए थे। विजिलेंस ने जमीन से जुड़े दस्तावेज जुटाकर यह जानने की कोशिश शुरू कर दी है कि किन शर्तों के तहत यह लीज दी गई थी। वहीं, कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक करार दे रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव से पहले इस तरह की जांच राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है, जबकि सरकार का दावा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









