National

बेंगलुरु में 7 करोड़ की फिल्मी स्टाइल लूट, पुलिस की कई एंगल से जांच तेज

बेंगलुरु में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात में नकदी ले जा रही वैन को कुछ अज्ञात लोगों ने रोककर करीब 7 करोड़ रुपये लूट लिए। लुटेरों ने खुद को आरबीआई अधिकारी बताकर वैन रोकी और पैसे लेकर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि इस घटना में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। इसी कारण ड्राइवर विनोद, कस्टोडियन आफताब, गनमैन राजन्ना और स्टाफर थम्मैया से गहन पूछताछ की गई है। सभी ने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।

टीम के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं ताकि यह पता किया जा सके कि कहीं बैंक, वैन या रूट की तस्वीरें खींची या शेयर तो नहीं की गईं। कॉल लॉग, मैसेज और लोकेशन की बारीकी से जांच हो रही है, साथ ही टावर डंप एनालिसिस भी जारी है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सिक्योरिटी की चूक, अंदरूनी मिलीभगत और देर से सूचना देने जैसे कई पहलुओं को ध्यान में रखा गया है।

CCTV फुटेज की जांच, बॉर्डर इलाकों में सर्च ऑपरेशन और संदिग्ध कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि लुटेरे कन्नड़ में बात कर रहे थे और संभवतः दो ग्रुप में काम कर रहे थे। उन्होंने सरकारी स्टिकर लगी कार का इस्तेमाल किया और कर्मचारियों को छोड़कर नकदी लेकर गायब हो गए। पुलिस के लिए यह केस अब शीर्ष प्राथमिकता बन गया है।