National

FASTag में बड़ी राहत: कारों के लिए KYV प्रक्रिया खत्म, टोल प्लाजा पर सफर होगा सुगम

राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले कार चालकों के लिए NHAI ने एक बड़ा राहतभरा कदम उठाया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने कार, जीप और वैन श्रेणी के वाहनों के लिए FASTag से जुड़ी Know Your Vehicle (KYV) प्रक्रिया को समाप्त करने का ऐलान किया है। यह नया नियम 1 फरवरी 2026 से जारी होने वाले सभी नए FASTag पर लागू होगा। इस बदलाव से लाखों वाहन मालिकों को FASTag एक्टिवेशन के बाद बार-बार दस्तावेजों की जांच और बैंकों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब सत्यापन की पूरी जिम्मेदारी बैंकों पर होगी, जो FASTag एक्टिवेशन से पहले वाहन का पूरा विवरण सरकारी VAHAN डेटाबेस से सत्यापित करेंगे।

NHAI ने स्पष्ट किया है कि पहले से जारी FASTag पर भी KYV नियमित रूप से अनिवार्य नहीं होगी। मौजूदा FASTag यूजर्स से केवल उन्हीं मामलों में KYV कराई जाएगी, जहां किसी तरह की शिकायत जैसे FASTag का ढीला होना, गलत वाहन श्रेणी में जारी होना या दुरुपयोग से जुड़ा मामला सामने आए। इस कदम से न सिर्फ टोल प्लाजा पर परेशानी कम होगी, बल्कि FASTag सिस्टम अधिक नागरिक-अनुकूल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बन जाएगा। ऑनलाइन या ऑफलाइन खरीदे गए FASTag पर भी यही नियम लागू होंगे।