National Politics West Bengal

बंगाल चुनाव में EVM विवाद: अभिषेक बनर्जी के गढ़ में BJP के आरोप, चुनाव आयोग ने कहा-हो सकता है दोबारा मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे से जारी है, जिसमें 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक लगभग 40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, लेकिन कई इलाकों से हिंसा और गड़बड़ी की घटनाएं सामने आईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

दक्षिण 24 परगना में भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार पर हमले का आरोप लगा है, जिसमें उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने इस घटना के लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। वहीं हुगली के खानकुल में नकली पोलिंग एजेंट बैठाने को लेकर टीएमसी और लेफ्ट समर्थित ISF कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।

डायमंड हार्बर के फलता इलाके में कुछ बूथों पर ईवीएम में भाजपा के बटन पर टेप लगाए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। भाजपा ने इसे मतदान में बाधा डालने की साजिश बताया है और कई बूथों पर दोबारा वोटिंग की मांग की है। पार्टी नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर आरोपों को दोहराया।

इस मामले पर चुनाव आयोग ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित बूथों पर पुनः मतदान कराया जाएगा। वहीं टीएमसी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक पक्षपात कर रहे हैं और बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।