अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। इस कार्रवाई में फिल्म और खेल जगत से जुड़े कई चर्चित नामों की कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। ED का आरोप है कि इन हस्तियों ने अवैध बेटिंग ऐप के प्रचार के बदले मोटी रकम हासिल की थी।
जिन सितारों की संपत्ति जब्त की गई है, उनमें पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, रोबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती, नेहा शर्मा और क्रिकेटर अंकुश हजारा शामिल हैं। ED के अनुसार, युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जबकि उर्वशी रौतेला की 2.02 करोड़ रुपये की संपत्ति उनकी मां के नाम पर दर्ज थी। इसके अलावा सोनू सूद की 1 करोड़, नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ और अन्य सितारों की लाखों रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
यह पहली बार नहीं है जब इस मामले में कार्रवाई हुई हो। इससे पहले ED शिखर धवन और सुरेश रैना की संपत्तियां भी जब्त कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि 1xBet और इसके अन्य ब्रांड भारत में बिना अनुमति ऑनलाइन बेटिंग और जुए का संचालन कर रहे थे और प्रचार के लिए सेलिब्रिटीज का इस्तेमाल किया गया।









