असम में रविवार दोपहर तेज भूकंप के झटकों ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं. रिक्टर स्केल पर 5.8 की तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र उदलगुरी जिला रहा, जहां लोगों ने जमीन को हिलते हुए महसूस किया और भय के चलते घर-दुकान छोड़कर खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े. भूकंप का असर केवल असम तक सीमित नहीं रहा – इसके झटके पश्चिम बंगाल और भूटान तक महसूस किए गए. कई इलाकों में घरों की दीवारें, पंखे और बिजली की तारें हिलने लगीं, जिससे दहशत का माहौल बन गया.
हालांकि, राहत की बात ये रही कि अभी तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. भूकंप भले ही चंद सेकंड का हो, लेकिन इसका असर लोगों की मानसिक स्थिति पर गहरा पड़ता है. फिलहाल सभी से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें.









