World

डोल प्रसाद आर्यल बने 20 साल बाद नेपाल संसद के पहले गैर-कम्युनिस्ट स्पीकर

नेपाल की प्रतिनिधि सभा को नया स्पीकर मिल गया है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के उपाध्यक्ष डोल प्रसाद आर्यल को सर्वसम्मति से स्पीकर चुना गया है। वह इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे और बिना विरोध निर्वाचित हुए। रविवार को सदन की बैठक में वरिष्ठ सांसद अर्जुन नरसिंह केसी ने उनके चयन की औपचारिक घोषणा की। आर्यल नेपाल के निचले सदन के 10वें स्पीकर बने हैं और लगभग दो दशकों बाद इस पद पर पहुंचने वाले पहले गैर-कम्युनिस्ट नेता हैं।

हाल ही में हुए चुनावों में RSP 275 सदस्यीय सदन में 182 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जिससे आर्यल का स्पीकर बनना लगभग तय माना जा रहा था। उन्होंने काठमांडू-9 सीट से चुनाव जीतकर संसद में जगह बनाई थी। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले 51 वर्षीय आर्यल ने अपने करियर की शुरुआत मजदूर के रूप में की थी और बाद में जापान में काम किया।

नेपाल लौटने के बाद उन्होंने पर्यटन, शिक्षा और रेमिटेंस जैसे क्षेत्रों में कई सफल व्यवसाय खड़े किए। अब स्पीकर के चयन के बाद डिप्टी स्पीकर पद पर नजरें टिकी हैं। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार, स्पीकर और डिप्टी स्पीकर में से एक महिला होना जरूरी है और दोनों अलग-अलग दलों से होने चाहिए। विपक्षी नेपाली कांग्रेस और अन्य दल इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में हैं।