अमेरिका में रहने वाले अवैध प्रवासियों के लिए ट्रंप प्रशासन ने एक नया प्रस्ताव पेश किया है। अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा विभाग (DHS) ने घोषणा की है कि अगर अवैध प्रवासी इस साल के अंत तक देश छोड़ने का फैसला करते हैं, तो उन्हें 3000 डॉलर की राशि दी जाएगी। इसके अलावा, उनके स्वदेश लौटने का पूरा खर्च भी अमेरिकी सरकार उठाएगी।
इस योजना के तहत, जो लोग अमेरिका छोड़ने के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें फ्री फ्लाइट और लगे हुए सभी जुर्माने से छूट भी मिलेगी। DHS ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य अवैध प्रवासियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से देश छोड़ने में मदद करना है। इससे पहले मई में ट्रंप प्रशासन ने इसी तरह का प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें अवैध प्रवासियों को देश छोड़ने पर केवल 1000 डॉलर देने की घोषणा की गई थी। अब क्रिसमस के मौके पर इसे तीन गुना बढ़ाकर 3000 डॉलर कर दिया गया है।
DHS के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति CBP का ऐप डाउनलोड करके अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। आगे की सभी प्रक्रियाएं DHS संभालेगा और उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके घर भेजा जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस योजना का फायदा उठाना ही अवैध प्रवासियों के लिए सुरक्षित विकल्प है। जिन्होंने आवेदन नहीं किया, उन्हें गिरफ्तार करके डिपोर्ट किया जा सकता है और भविष्य में अमेरिका में प्रवेश करने का मौका नहीं मिलेगा।









