उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों के लिए आफत बनता जा रहा है। रविवार सुबह पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश तक दृश्यता बेहद कम रही, जिसके चलते कई भीषण सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पाकबड़ा इलाके के दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के कारण एक कंटेनर आगे चल रहे कैंटर से टकरा गया।
इसके बाद पीछे से आ रही दो कारें भी कंटेनर से जा भिड़ीं। हादसे में कंटेनर चालक कमल सिंह (निवासी हल्द्वानी) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर खुलवाया। पंजाब में भी कोहरे का कहर देखने को मिला। बठिंडा–मानसा हाईवे पर गांव मैसर खाना के पास पीआरटीसी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए।
सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जालंधर में घने कोहरे के चलते एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई, हालांकि कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। उधर, उत्तर प्रदेश के झांसी में सेमरी टोल प्लाजा पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने लाइन में खड़ी कारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और एक टोलकर्मी घायल हो गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन धीमी गति से चलाएं और फॉग लाइट का इस्तेमाल जरूर करें।









