घने कोहरे और कम दृश्यता के चलते सोमवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कुल 128 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं जिनमें 64 प्रस्थान और 64 आगमन शामिल हैं, जबकि आठ उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट के संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बताया कि रनवे की दृश्यता में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन मौसम की स्थिति के कारण कुछ उड़ानों के प्रस्थान और आगमन पर अब भी असर बना रह सकता है। डायल ने यात्रियों को उड़ान की स्थिति के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क में रहने की सलाह दी है।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24डॉटकॉम के मुताबिक, करीब 200 उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जबकि औसतन प्रस्थान में लगभग 24 मिनट की देरी दर्ज की गई। एयरलाइन इंडिगो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि दिल्ली और उत्तरी भारत के कई हवाई अड्डों पर लगातार कोहरा बना हुआ है, जिससे दृश्यता कम है और उड़ानों की आवाजाही सामान्य से धीमी हो गई है। गौरतलब है कि दिल्ली का आईजीआई एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, जहां प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है। कोहरे के चलते यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।









