दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर चिंता का कारण बन गया है। शनिवार, 29 नवंबर को राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 369 के पार दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। पिछले करीब दो सप्ताह से दिल्ली की हवा लगातार ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ स्तर के बीच झूल रही है, जिससे लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी स्थिति में राहत मिलने की संभावना कम है।
इसी बिगड़ते माहौल को देखते हुए पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उप-राज्यपाल किरण बेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम को संबोधित करते हुए लिखा कि दिल्ली की खराब होती हवा रोकने के लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने आग्रह किया कि प्रधानमंत्री अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी इस मुद्दे को शामिल करें, ताकि देशभर के लोग वायु प्रदूषण को गंभीरता से लें और व्यक्तिगत स्तर पर भी जागरूक बनें।
किरण बेदी ने पीएम मोदी के कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुडुचेरी में उनके नेतृत्व में तेज़ और प्रभावी समस्या समाधान देखा है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री हर महीने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों व मुख्य सचिवों के साथ नियमित वर्चुअल बैठक करें, जिससे प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की प्रगति पर सीधी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण कोई अचानक पैदा हुई समस्या नहीं, बल्कि सालों से राज्यों के बीच समन्वय की कमी का परिणाम है। उनका मानना है कि केवल मिलकर और सतत प्रयासों से ही दिल्ली की हवा में सुधार लाया जा सकता है।









