National World

16 दिसंबर: बांग्लादेश की आज़ादी और भारत की वीरता का दिन

बांग्लादेश के इतिहास में 16 दिसंबर का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। 1971 में इस दिन भारतीय सेना ने अदम्य साहस दिखाते हुए पाकिस्तान को परास्त किया और पूर्वी पाकिस्तान को स्वतंत्रता दिलाई। इस युद्ध ने पाकिस्तान को दो हिस्सों में बाँट दिया और दुनिया के नक्शे पर बांग्लादेश का जन्म हुआ। पूर्वी पाकिस्तान में बांग्ला भाषी लोगों को उपेक्षा और अत्याचार झेलना पड़ा, क्योंकि पश्चिमी पाकिस्तान के नेताओं को उनकी संस्कृति और भाषा से नफरत थी।

शेख मुजीबुर रहमान की अगुवाई में अवामी लीग ने 1970 के चुनावों में भारी जीत हासिल की, लेकिन पश्चिमी पाकिस्तान के शासकों ने सत्ता नहीं सौंपकर विद्रोह भड़काया। 25 मार्च 1971 को पाकिस्तानी सेना ने निर्दोष नागरिकों पर हमले शुरू कर दिए, जिससे लाखों लोग भारत भागकर शरणार्थी बने।

भारत ने 4 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध की घोषणा की। भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी ने मिलकर पाकिस्तानी सेना को घेरा और मात्र 13 दिनों में 16 दिसंबर को पाकिस्तान ने हार मान ली। लगभग 93,000 पाकिस्तानी सैनिक और नागरिकों ने सरेंडर किया। इस युद्ध ने बांग्लादेश को स्वतंत्र देश बनाया और भारतीय सैनिकों की वीरता और बलिदान को पूरी दुनिया ने देखा।