भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं के चयन के लिए एक नई पहल शुरू की है। पार्टी अब ‘नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम’ के जरिए देशभर में योग्य और प्रतिभाशाली प्रवक्ताओं की तलाश करेगी। इस कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड से हुई है, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रांची में इसका पोस्टर लॉन्च किया।
इस पहल का उद्देश्य कांग्रेस के विचारों और संदेशों को जनता तक प्रभावशाली और सहज तरीके से पहुँचाना है। इसके तहत झारखंड को सात ज़ोन में बांटा गया है: पलामू, कोल्हान, देवघर-दुमका-जामताड़ा, साहेबगंज-गोड्डा-पाकुड़, रामगढ़-चतरा-कोडरमा-हजारीबाग, बोकारो-धनबाद-गिरिडीह और दक्षिणी छोटा नागपुर। इन क्षेत्रों में चयनित उम्मीदवारों को प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
एआईसीसी के प्रवक्ता और पूर्वी भारत के प्रभारी अतुल लोंढे पाटिल ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रतिभाओं का चयन उनके राजनीतिक समझ, वैचारिक प्रतिबद्धता, भाषा दक्षता, इतिहास का ज्ञान और मीडिया में सहज उपस्थिति के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पारदर्शी होगी और इसमें एनजीओ, सिविल सोसाइटी और मीडिया के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
मीडिया सेल के चेयरमैन सतीश पॉल मुन्जिनी ने कहा कि चयनित प्रवक्ता पार्टी के संदेश को विभिन्न प्लेटफॉर्म पर जनता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और इससे कांग्रेस को निश्चित लाभ होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह पहल किसी नेता की सिफारिश पर आधारित नहीं है, बल्कि सीधे प्रतिभाशाली लोगों के साथ संवाद के माध्यम से की जाएगी।


