कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पुलिस बर्बरता के विरोध में शुक्रवार (24 जुलाई) को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टर जारी करते हुए “Every District. One Day. One Demand” का नारा दिया है और सभी राज्यों के प्रत्येक जिले में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की है।
पार्टी का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य पुलिस कार्रवाई के कथित पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त करना और उनकी आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। CJP ने छात्र संगठनों, सामाजिक समूहों और नागरिकों से बड़ी संख्या में इस प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया है।
पार्टी ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी जारी किया है। आयोजकों से स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाने की अपील की गई है। इसके साथ ही ज्ञापन का प्रारूप और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
इस बीच, दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का विरोध प्रदर्शन जारी है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर हैं और फिलहाल उनका उपचार गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। CJP ने केंद्र सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं, जिनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख है। पार्टी का कहना है कि इन मांगों पर अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली है। वहीं, दिल्ली में चल रहे आंदोलन को कई विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों का भी समर्थन प्राप्त है।


