Jammu & Kashmir

कश्मीर में चिल्लई कलां की शुरुआत बर्फबारी से, सूखे से मिली राहत

कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड के 40 दिनों के दौर ‘चिल्लई कलां’ की शुरुआत बर्फबारी के साथ हो गई है। दो महीनों से चले आ रहे असामान्य सूखे के बाद हुई इस ताज़ा बर्फबारी ने घाटी में राहत की सांस दी है। सोनमर्ग, गुरेज घाटी, जोजिला, सिंथन टॉप और राजदान पास सहित दक्षिण व उत्तर कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा कारगिल और द्रास में भी हिमपात की खबरें हैं। बर्फबारी से जहां ठंड और बढ़ गई है, वहीं जल स्रोतों, पर्यावरण और कृषि के लिए इसे बेहद लाभकारी माना जा रहा है।

अगले दो दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सर्दियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बर्फ हटाने, सड़क संपर्क बनाए रखने और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतज़ाम किए गए हैं।