न्यूज़ फिल्क्स भारत। कनाडा के बाद अब अमेरिका ने भारत पर सवाल खड़े किए है। बता दें कि अमेरिकी न्याय विभाग ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप में एक पूर्व RAW अधिकारी विकास यादव के खिलाफ आरोप तय किए हैं। खालिस्तानी समर्थक पन्नू को अमेरिका में मारने की योजना असफल रही थी। अमेरिका का दावा है कि यह साजिश भारतीय खुफिया एजेंसी के अधिकारियों द्वारा बनाई गई थी।
जानकारी के अनुसार विकास यादव पर आरोप है कि उन्होंने निखिल गुप्ता को पन्नू की हत्या के लिए हिटमैन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। निखिल गुप्ता को पिछले साल प्राग से गिरफ्तार किया गया था और बाद में अमेरिका में प्रत्यर्पित किया गया। मौजूदा समय में गुप्ता के खिलाफ अमेरिकी अदालत में मुकदमा चल रहा है। अमेरिकी अदालत में यह आरोप भी लगाया गया है कि यादव ने इस साजिश को भारत और दूसरे देशों में अपने सहयोगियों की मदद से अंजाम देने की कोशिश की।
FBI की चेतावनी
इस मामलें में अब FBI के निदेशक क्रिस्टोफर रे ने इस मामले पर बयान देते हुए कहा कि अमेरिका अपने नागरिकों पर हिंसा या बदले की भावना से हमले को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। क्रिस्टोफर रे ने कहा कि गुरपतवंत पन्नू पर हमला उसके संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ था, जिसे अमेरिका किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, पन्नू की हत्या की साजिश मई 2023 में शुरू हुई थी।
