चंडीगढ़ | नवंबर 01, 2025
दिल्ली के बाद अब चंडीगढ़ में ‘शीशमहल’ को लेकर सियासी घमासान मच गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर चंडीगढ़ में 2 एकड़ में फैले ‘7-स्टार शीशमहल’ के निर्माण का आरोप लगाया है। वहीं, AAP ने इन आरोपों को “फर्जी और बौखलाहट से भरा” बताते हुए बीजेपी पर पलटवार किया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि, “दिल्ली का शीशमहल खाली होने के बाद अब केजरीवाल ने चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में मुख्यमंत्री कोटे की दो एकड़ की आलीशान सरकारी कोठी अपने लिए तैयार करवा ली है।” पूनावाला ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी दिल्ली के हारने वाले नेताओं को विभिन्न बोर्डों और आयोगों में पदस्थ कर रही है।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन तो बीजेपी के नियंत्रण में है, ऐसे में यदि कोई निर्माण हुआ भी है तो उसकी जिम्मेदारी बीजेपी की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि “बौखलाहट में बीजेपी अब फर्जी दावे कर रही है — फर्जी शीशमहल, फर्जी प्रदूषण आंकड़े, फर्जी बारिश के दावे और अब फर्जी 7-स्टार घर।”
AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया, “जब चंडीगढ़ प्रशासन बीजेपी के पास है, तो नक्शा किसने पास किया? बिजली और पानी कनेक्शन किसने दिया? पुलिस ने निर्माण कैसे होने दिया? और अगर सब फर्जी नहीं है, तो अलॉटमेंट लेटर दिखाएं।”
इस बीच, AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी केजरीवाल पर सरकारी हेलीकॉप्टर और प्राइवेट जेट इस्तेमाल करने का आरोप लगाकर विवाद को और गरमा दिया है।
दोनों पार्टियों के बीच यह नया राजनीतिक टकराव उस समय सामने आया है जब दिल्ली और पंजाब दोनों जगहों पर आम आदमी पार्टी विपक्षी दलों और केंद्र सरकार से कई मुद्दों पर भिड़ी हुई है।









