केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पश्चिम बंगाल में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़े तीन बड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में व्यापक कार्रवाई करते हुए कोलकाता के आठ ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मेसर्स तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, मेसर्स ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड और मेसर्स अमृत फीड्स लिमिटेड के खिलाफ दर्ज मामलों के तहत की गई।
CBI के अनुसार, इन तीनों मामलों में PNB को कुल मिलाकर लगभग 191 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है। जांच एजेंसी ने संबंधित कंपनियों के निदेशकों के आवासीय और अन्य परिसरों की तलाशी लेकर कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले की जांच अभी जारी है।
तांतिया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड पर आरोप है कि उसने बैंक से प्राप्त कैश क्रेडिट और टर्म लोन सुविधाओं का निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य कार्यों में इस्तेमाल किया, जिससे बैंक को करीब 73 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं, ब्रह्म अलॉयज लिमिटेड पर आरोप है कि कंपनी ने बैंक से मिली धनराशि को अपनी सहयोगी और संबद्ध कंपनियों में निवेश किया तथा विभिन्न खातों के माध्यम से फंड का डायवर्जन किया। इस मामले में बैंक को लगभग 58 करोड़ रुपये का नुकसान होने का दावा किया गया है।
अमृत फीड्स लिमिटेड के खिलाफ दर्ज मामले में आरोप है कि कंपनी ने कारोबार संचालन के लिए प्राप्त ऋण राशि का दुरुपयोग किया, फंड को संबंधित कंपनियों के हित में स्थानांतरित किया और ऋणदाताओं की अनुमति के बिना कुछ परिसंपत्तियां भी बेच दीं। इस मामले में बैंक को करीब 60 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। CBI का कहना है कि बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।









