National

केरल’ से ‘केरलम’ नाम बदलने का समर्थन, बीजेपी ने पीएम मोदी से की हस्तक्षेप की मांग

केरल बीजेपी ने राज्य का नाम आधिकारिक तौर पर ‘केरल’ से बदलकर ‘केरलम’ किए जाने का समर्थन किया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि ‘केरलम’ नाम राज्य की हजारों साल पुरानी भाषाई, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। उनके मुताबिक, यह कदम उन चरमपंथी ताकतों पर लगाम लगाने में मदद करेगा, जो धर्म के आधार पर राज्य को बांटने की मांग कर रही हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राज्य विधानसभा द्वारा आधिकारिक दस्तावेजों में ‘केरल’ की जगह ‘केरलम’ नाम दर्ज करने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की विचारधारा परंपराओं और भाषाई संस्कृति के सम्मान पर आधारित है और पार्टी हमेशा से राज्य को ‘केरलम’ के रूप में देखती रही है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को लिखे पत्र में उन्होंने ‘विकसित और सुरक्षित केरल’ के निर्माण की उम्मीद जताते हुए कहा कि ऐसा राज्य बने, जहां सभी मलयाली समुदायों की आस्था और पहचान का सम्मान हो।