पटना – कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर हैं, लेकिन उनके इस दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी की यह यात्रा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर दबाव बनाने के उद्देश्य से की जा रही है, क्योंकि तेजस्वी यादव उन्हें ज़्यादा अहमियत नहीं दे रहे।
शाहनवाज ने राहुल गांधी की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि लालू यादव के शासनकाल में, जिसमें कांग्रेस भी साझेदार थी, सबसे ज़्यादा पलायन हुआ था। ऐसे में कांग्रेस इससे बच नहीं सकती। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस को 70 सीटें दी गई थीं, इस बार उसी की फिराक में राहुल गांधी तेजस्वी पर दबाव बना रहे हैं।
राहुल गांधी की यात्रा से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला
बेगूसराय में राहुल गांधी की यात्रा को लेकर शाहनवाज ने कहा, “वहां तो अब काफी विकास हो चुका है। कारखाने हैं, पुल बने हैं। राहुल गांधी को चाहिए कि सिमरिया घाट जाकर विकास देखें।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सिर्फ भ्रम फैलाने और दिखावे के लिए बिहार आ रहे हैं, लेकिन उनकी यात्रा का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
शाहनवाज ने आगे कहा कि कांग्रेस न तो तेजस्वी यादव को नेता मानने को तैयार है, और न ही गठबंधन को लेकर स्पष्ट रुख अपना रही है। “कांग्रेस पहले यह तय करे कि वह महागठबंधन में लड़ेगी या अकेले चुनाव लड़ेगी,” उन्होंने जोड़ा।
गिरिराज सिंह का भी तंज
इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “पहले वे अपना ही पलायन रोकें।” उन्होंने कहा कि 2005 के पहले और बाद के बिहार की स्थिति में बड़ा अंतर आया है, और अब राज्य में सड़कें, पुल, और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा को “नौटंकी” बताते हुए कहा कि “उन्हें भ्रम फैलाने में मज़ा आता है।”
गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी को भगवा रंग से नफरत है, इसलिए वे सफेद रंग पहनते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार की जनता को राहुल गांधी की यात्राओं से कोई फर्क नहीं पड़ता।
राहुल गांधी सोमवार को बिहार में तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन उनके दौरे को लेकर राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज़ हो गई है।