बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के दौरान आरजेडी ने महागठबंधन के मजबूत बूथों में जानबूझकर बिजली कटौती करने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि ऐसा मतदान धीमा करने और वोटिंग प्रक्रिया प्रभावित करने के लिए किया गया। राजद ने इसे चुनाव में धांधली और साजिश करार देते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की।
इस आरोप पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) बिहार ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया। अधिकारियों का कहना है कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुचारू मतदान जारी है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की अफवाह या झूठे प्रचार से मतदाताओं को भ्रमित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। इस बीच मतदाता मतदान केंद्रों पर अच्छी संख्या में पहुंचे और मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
चुनाव आयोग दिल्ली से निगरानी कर रहा है, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी कंट्रोल रूम से स्थिति देख रहे हैं। पहली बार सभी मतदान केंद्रों में सीसीटीवी लगाए गए हैं, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो रही है। RJD का आरोप और आयोग की प्रतिक्रिया चुनावी माहौल में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।









