National

नए साल में रेल यात्रियों को बड़ी राहत: बिना कैंसिलेशन चार्ज बदल सकेंगे कंफर्म टिकट की तारीख

भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए जनवरी 2026 से एक अहम बदलाव लागू करने जा रहा है। अब कंफर्म रेल टिकट की यात्रा तिथि बदलने के लिए टिकट कैंसिल कराने की जरूरत नहीं होगी। यात्री बिना किसी कैंसिलेशन चार्ज के अपनी टिकट की तारीख ऑनलाइन आगे बढ़ा सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत यात्री IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर सीधे अपनी कंफर्म ई-टिकट की यात्रा तिथि बदल पाएंगे। अभी तक तारीख बदलने के लिए पहले टिकट रद्द करनी पड़ती थी, जिसमें क्लर्केज और कैंसिलेशन शुल्क कट जाता था। इस वजह से यात्रियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। रेलवे का यह नया कदम इसी परेशानी को खत्म करेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, यह सुविधा पूरी तरह यात्रियों के हित में है। हालांकि, तारीख बदलने के बाद नई यात्रा तिथि पर सीट की पुष्टि उपलब्धता पर निर्भर करेगी। यानी कंफर्म टिकट होने के बावजूद नई तारीख पर बर्थ मिलेगी या नहीं, यह उस दिन की सीट स्थिति पर तय होगा।

अगर बदली गई तारीख पर किराया पहले से ज्यादा हुआ, तो यात्रियों को अंतर की राशि चुकानी होगी। वहीं, यदि किराया कम हुआ तो अतिरिक्त रकम रिफंड कर दी जाएगी। यह सुविधा फिलहाल केवल ई-टिकट और कंफर्म टिकट के लिए लागू होगी। वेटिंग लिस्ट टिकट के लिए अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

उदाहरण के तौर पर, यदि किसी यात्री के पास दिल्ली से इंदौर की कंफर्म टिकट है और उसकी यात्रा योजना बदल जाती है, तो वह उसी टिकट पर नई तारीख चुनकर यात्रा कर सकता है, बिना टिकट रद्द किए। रेलवे के अनुसार, जनवरी 2026 से IRCTC प्लेटफॉर्म पर सिस्टम अपडेट के बाद यह नया विकल्प यात्रियों को दिखाई देने लगेगा, जिससे टिकट रीबुकिंग पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी।