महाराष्ट्र के लातूर में बैंक रिकवरी एजेंट गणेश चव्हाण ने ₹1 करोड़ की इंश्योरेंस पॉलिसी पाने के लिए अपनी मौत का झूठा नाटक रचा। घटना रविवार को औसा तालुका में सामने आई, जब पुलिस को एक जली हुई कार मिली और उसमें बुरी तरह झुलसा शव पड़ा था। शुरुआत में मृतक की पहचान गणेश के रूप में हुई और परिवार को लगा कि वह किसी हादसे का शिकार हो गया। पुलिस जांच में पता चला कि गणेश ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए सड़क से नशे में गोविंद यादव को लिफ्ट दी।
रास्ते में उसे खाना खिलाकर गहरी नींद में डालकर ड्राइविंग सीट पर बिठाया और कार में आग लगा दी। गणेश ने जानबूझकर अपनी कलाई का ब्रेसलेट कार में छोड़ा, ताकि पुलिस और परिवार को विश्वास हो कि वह मर चुका है। लेकिन गणेश की गर्लफ्रेंड को मैसेज करने की गलती उसकी पकड़ का कारण बनी। पुलिस ने मैसेज भेजे गए दूसरे मोबाइल नंबर को ट्रैक कर गणेश तक पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पूरा मामला कबूल कर लिया। पुलिस ने गणेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि इस वारदात में कोई और शामिल था या नहीं।









