Delhi National Politics

अरविंद केजरीवाल ने लगाया विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो गया है. 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम आएंगे,लेकिन इससे पहले आरोप-प्रत्यारोपों का राजनिति शुरू हो गई है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी के 16 उम्मीदवारों को अन्य पार्टी में शामिल होने के लिए फोन आया है और प्रत्येक को 15-15 करोड़ रुपये देने का ऑफर दिया गया.

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कुछ एजेंसीज दिखा रही हैं कि गाली गलौज पार्टी की 55 से ज़्यादा सीट आ रही हैं. पिछले दो घंटे में हमारे 16 उम्मीदवारों के पास फ़ोन आ गए हैं कि “आप” छोड़ के उनकी पार्टी में आ जाओ, मंत्री बना देंगे और हरेक को 15-15 करोड़ देंगे. अगर इनकी पार्टी की 55 से ज़्यादा सीटें आ रहीं हैं तो हमारे उम्मीदवारों को फ़ोन करने की क्या ज़रूरत है? ज़ाहिर तौर पे ये फ़र्ज़ी सर्वे करवाये ही इसलिए गए हैं ताकि ये माहौल बनाकर कुछ उम्मीदवारों को तोड़ा जा सके. पर गाली गलौज वालों, हमारा एक भी आदमी नहीं टूटेगा.

वहीं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुकेश अहलावत ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मैं मर जाऊंगा, कट जाऊंगा लेकिन कभी अरविंद केजरीवाल जी का साथ नहीं छोडूंगा. उन्होंने अपनी पोस्ट में एक नंबर शेयर करते हुए कहा कि मुझे इस नंबर से फ़ोन आया. उसने बोला कि उनकी सरकार बन रही है, मंत्री बना देंगे और 15 करोड़ भी देंगे. “आप” छोड़ के आ जाओ. मैं इनको कहना चाहता हूँ कि जो इज़्ज़त केजरीवाल जी ने और “आप” पार्टी ने मुझे दी है, मैं मरते दम तक अपने पार्टी को नहीं छोड़ूँगा.