Entertainment

विवादित बयान पर एआर रहमान का यू-टर्न, बोले– ‘किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं था’

सिंगर और संगीतकार ए.आर. रहमान ने हालिया इंटरव्यू को लेकर उठे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग के बीच एआर रहमान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर सफाई दी और कहा कि उनका किसी भी समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।

वीडियो में एआर रहमान ने कहा, “संगीत मेरे लिए हमेशा हमारी संस्कृति से जुड़ने, उसका सम्मान करने और जश्न मनाने का माध्यम रहा है। भारत मेरी प्रेरणा है, मेरा गुरु है और मेरा घर है। कभी-कभी मेरे इरादों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरा उद्देश्य हमेशा लोगों को ऊपर उठाना और समाज की सेवा करना रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है और भारत ने उन्हें रचनात्मक आज़ादी दी है, जहां वे अलग-अलग संस्कृतियों की आवाज़ों को सम्मान दे सके।

गौरतलब है कि हाल ही में BBC को दिए एक इंटरव्यू में एआर रहमान ने विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ को “बांटने वाली फिल्म” बताया था और बॉलीवुड में काम मिलने, कंटेंट और धर्म से जुड़े मुद्दों पर टिप्पणी की थी। इसी बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया था। अब अपने नए वीडियो के जरिए एआर रहमान ने स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य कभी भी विवाद पैदा करना या किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।